गुरुजी की याद में रहकर… (07/15/2026)

जुलाई १५, २०२६

ओम नमः शिवाय
आज का सुविचार 🙏🙏

# ३०६९

                                    गुरुजी की याद में रहकर…

गुरुजी की याद में रहकर
ख़ुद को सम्भालें
वरना शांत ना हो पायेगा मन
बढ़ती जाएगी उलझन।

गुरुजी की याद में रहकर
स्थिर होने लगेगा मन
मिलने लगेगी सुलझन
सहज होने लगेगा जीवन।

सहजता और सादगी होगी जीवन में
स्थिरता और शांति होगी मन में
बढ़ौती होगी रूहानी धन में
तो आनंद की उमंग होगी हर क्षण में।

युग परिवर्तन के समय में
कुछ भी नहीं है गुरुजी की याद से ज़्यादा सुखदायी
अनंत है उनके नाम के महासागर की गहराई
जो इसमें डूब गया, वो पा लेगा खुदाई
ऐसी है गुरुजी की वड़ियायी
वे स्वयं हैं खुदा और उनकी आभा है खुदा का नूर
गुरुजी से अरदास है कि वे कभी न करें अपने से दूर।

🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹

जय गुरुजी 🙏🙏
धीरजा

गुरुजी की याद में रहकर… (07/15/2026)

शुक्र आपका… (07/14/2026)

जुलाई १४, २०२६

ओम नमः शिवाय
आज का सुविचार 🙏🙏

# ३०६८

                       शुक्र आपका…

परम पूज्य गुरुजी महाराज,

शुक्र आपका कि आप साथ रहते हैं हर कदम पर
यूँ ही साथ रहिएगा जीवन भर
और अगले हर जनम में
मार्गदर्शन कीजियेगा मेरा मेरे हर करम में।

कभी ना हटाइएगा अपनी निगाह मुझ पर से
कभी ना दूर कीजियेगा मुझे अपने दर से
जो पाऊँ वो पाऊँ आपके दिए वर से
हर आशीर्वाद मिले मुझे आपके कल्याणकारी कर से।

मेरे लिए आप ही ईश्वर हैं
आप ही हैं गुरु पूरण
आपका दिया हर प्रसाद
मेरे लिए है अनमोल धन।

आपसे ही मेरा रास्ता, आप ही मेरी मंज़िल
आपकी याद बिन अब कहीं ना लागे मेरा दिल
जब से आपके रूप में दिखे हैं भगवान
मैं स्वयं को महसूस करती हूँ बहुत धनवान
देते रहिएगा संतोष और सब्र का दान
आप में ही रमे रहें मेरे प्राण।

🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹

जय गुरुजी 🙏🙏
धीरजा

शुक्र आपका… (07/14/2026)

कर लो तुम आत्म-मंथन (07/13/2026)

जुलाई १३, २०२६

ओम नमः शिवाय
आज का सुविचार 🙏🙏

# ३०६७

                                        कर लो तुम आत्म-मंथन 

गुरुजी ने बख़्शा है सिमरन
कर लो तुम आत्म-मंथन
हो जाएगा पवित्रीकरण
साफ़ हो जाएगा मन
मन बन जाएगा काबिल गुरु प्रसाद पाने को
ग्रहण करने कृपा के ख़ज़ाने को।

पहले प्रतिकूल ख़याल भी आयेंगे
विचारों के तूफ़ान भी सतायेंगे
जारी रखना तुम आत्म-मंथन के प्रयास को
गुरुजी की कृपा से दूर होने देना हर अध्यास को।

क्यूँकि अध्यास है मृगतृष्णा के समान
होने नहीं देता मूल का ज्ञान
केवल गुरु कृपा से होता है इस ज्ञान का अनुमान
और इसी ज्ञान से सफल होते हैं प्राण।

बाकी सब दुनियावी ज्ञान है
दुनिया में रहने के लिए तो है आवश्यक
लेकिन रूहानी ज्ञान पाने के लिए
ज़रूरी है कोशिश अथक।

कलयुग में कष्टों का पलड़ा है भारी
और गुरुजी अपनी लीला से करा रहे हैं हमारी तैयारी
रमने की उनकी बंदगी में
ताकि हम ना तड़पें ज़िंदगी में।

जो उनकी याद में रहेगा मस्त
जो उनके सिमरन में रहेगा व्यस्त
उसे कलयुग कम सतायेगा
क्यूँकि भक्ति का पलड़ा भारी हो जाएगा।

क्यूँकि समय ने युगों का नियम तो है चलाना
युगों ने अपनी बारी से है आना और जाना
सबसे सुरक्षित ठिकाना है गुरुजी की शरण
हर समय सुखदायी हैं गुरुजी के कमल चरण।

🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹

जय गुरुजी 🙏🙏
धीरजा

कर लो तुम आत्म-मंथन (07/13/2026)

सफ़ाई रखनी ज़रूरी है… (07/12/2026)

जुलाई १२, २०२६

ओम नमः शिवाय
आज का सुविचार 🙏🙏

# ३०६६

                                      सफ़ाई रखनी ज़रूरी है…

सफ़ाई रखनी ज़रूरी है
बाहर, घर, और आँगन की
आत्मा, तन, और मन की
कमायी करनी ज़रूरी है
गुरुजी के नाम के धन की।

इस धन से मिटेगी असल ग़रीबी
यह धन लायेगा खुशनसीबी
यही साथ भी जाएगा
और वहाँ भी काम आयेगा।

गुरुजी की याद को दिल में बसाए
उन्हें चेतने में चित्त को लगाए
लेकर हर श्वास में गुरुजी का नाम
होता है ख़ुद का सम्पूर्ण कल्याण।

गुरुजी की याद में है मंगल
इस से बढ़ता जाता है मनोबल
क़ाबू में होती है अस्थिरता और हल-चल
कष्ट भी जाते हैं टल।

गुरुजी की याद से रूह को मिलता है आराम
गुरुजी की याद में रहकर जो भक्त करे हर काम
उसके मंगल का गुरुजी स्वयं करते हैं इंतज़ाम
बेशक उसे देने पड़ें इम्तहान
गुरुजी रहते हैं उसके साथ
बिन छोड़े उसका हाथ
हर घड़ी, हर पल
आज और कल।

गुरुजी की याद है अनमोल
गुरुजी सुनते हैं दिल के बोले हुए बोल
वे सुनते हैं हर अर्ज़ी, हर गुज़ारिश
वे जानें भक्त की हर ख़्वाहिश।

गुरुजी की याद से अकेलापन रहे सदा के लिए दूर
गुरुजी की याद से तन, मन, रूह पर चढ़े गुरुजी का नूर
आत्मसात कर के गुरुजी की याद की दीवानगी, उनकी याद का फ़ितूर
तुम कभी ना महसूस करोगे अपने को गुरुजी से दूर।

🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹

जय गुरुजी 🙏🙏
धीरजा

सफ़ाई रखनी ज़रूरी है… (07/12/2026)

…बदल जाएगी ज़िंदगानी (07/11/2026)

जुलाई ११, २०२६

ओम नमः शिवाय
आज का सुविचार 🙏🙏

# ३०६५

                                           …बदल जाएगी ज़िंदगानी 

मिला है तुम्हें गुरुजी महाराज का दर
बख़्शा है उन्होंने सतचित्तानंद का सागर तुम्हारे भीतर
हर बूँद है सुखदाई
हर बूँद में आनंद अनंत
ये गुरुजी की है वडियाई
कि उनकी बख़्शीशें हैं बेअंत।

गुरुजी हैं गति के दाता
वे हैं सुमति के प्रदाता
जो सुख संतोष है उनके कमल चरण में
वो नहीं कहीं भी और जन्म मरण में।

गुरुजी की याद में हर पल लो गुज़ार
तन मन रूह को राहत मिलेगी बारम्बार
गुरुजी बसते हैं तुम्हारे भीतर
सतचित्तानंद के सागर के निर्माता हैं वे स्वयं
तुम्हें दर दर भटकने की ज़रूरत नहीं
उनसे एकाकार में पहचानोगे तुम शिवोहम…

और फिर बेगाना होगा हर गम सदा के लिए
सतचित्तानंद के सागर में जल जायेंगे भक्ति के दिए
भक्ति के पुत्र ज्ञान और वैराग्य भी होंगे संग
तुम्हारे भीतर चढ़ेगा ऐसा रूहानी रंग
कि हो जाएगा उजाला नूरानी
सदा के लिए बदल जाएगी ज़िंदगानी।

🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹

जय गुरुजी 🙏🙏
धीरजा

…बदल जाएगी ज़िंदगानी (07/11/2026)

शहंशाहों के भी शहंशाह महान (07/10/2026)

जुलाई १०, २०२६

ओम नमः शिवाय
आज का सुविचार 🙏🙏

# ३०६४

                                          शहंशाहों के भी शहंशाह महान 

रोक रही है जो तुम्हे ग़लत काम करने से
बचा रही है जो तुम्हे डरने से
उस चेतना को नकारो मत
गुरुजी दे रहे हैं तुम्हें सुमत।

जो दिखाये रास्ते पर बढ़ने को कह रही है
जो तुम्हारे सपनों की दिशा में बह रही है
उस प्रेरणा को ना करो नजरंदाज
गुरुजी कर रहे हैं तुम्हारी निराशा का इलाज।

जो तुम्हारे लिए बदल देती है हवा के रुख़ को
जो सुख में बदल सकती है तुम्हारे दुख को
उस शक्ति का करो सम्मान
उस शक्ति में गुरुजी हैं विद्यमान।

जो तुम्हारे प्रारब्ध को कटवा रही है आज
ताकि वो भविष्य में ना कर पाये तुम पर राज
कर्मों के फलदाता की उस योजना का करो सत्कार
वे गुरुजी हैं जो करायेंगे तुम्हारा बेड़ा पार।

जो मिटा रही है तुम्हारे अज्ञान के अंधकार को
जो चूर कर रही है तुम्हारे अहंकार को
उस प्रतापी नज़र को झुक कर करो सलाम
गुरुजी तुम्हें देख रहे हैं होकर तुम्हारे भीतर विराजमान।

जो सदा करते आए हैं और आगे भी करेंगे तुम्हारा कल्याण
जिन्होंने दिया है तुम्हें प्राणों का भी दान
जो हमेशा होते हैं सारी संगत पर मेहरबान
वे हैं गुरुजी, शहंशाहों के भी शहंशाह महान।

🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹

जय गुरुजी 🙏🙏
धीरजा

शहंशाहों के भी शहंशाह महान (07/10/2026)

…आपसे प्यार मेरा (07/09/2026)

जुलाई ९, २०२६

ओम नमः शिवाय
आज का सुविचार 🙏🙏

# ३०६३

                                          …आपसे प्यार मेरा 

परम पूज्य गुरुवर मेरे,

अर्ज़ी है ये आप से
बचाना मुझे हर पाप से
दुख के समय में तो अपनी गोद में लेना ही, मेरे किरपाधार
परंतु सुख में भी मुझे अपनी गोद में ही रखना, मेरे परवरदिगार
ताकि अहंकार के कुएँ में ऐसे ना गिर जाऊँ
कि कभी वहाँ से निकल ही ना पाऊँ।

लेना मुझे डॉंट फटकार
अगर काबू से बाहर हो जाये मेरा अहंकार
और हौंसला बनाए रखना मेरा
जब कभी मुसीबत आए बारम्बार।

वैसी बनूँ मैं, जैसा आप चाहें
आपकी प्रेरणा से उत्साहित रहें मेरी राहें
मुझ पर रखना निरंतर निगरानी
ताकि मैं कभी ना कर पाऊँ आना-कानी।

जानती हूँ ज़माने में भटक जाना आसान है
और चलना मुश्किल है सही राह पर
आपके हुक्म पर करूँ सदा अमल
ना कि अपनी किसी प्रतिकूल चाह पर।

आपकी बख़्शीशों की बारिश होती रहे
मिलता रहे आपके आशीर्वाद का अमृत
ये निमानी आप में और खोती रहे
आपको ही चेते इसका चित्त।

आपके प्रति शुक्राना का भाव हो मेरे कतरे कतरे में
हर पल आपको सीस नवाऊँ
जितना आप दें मुझे
मैं उतनी और झुक जाऊँ।

आपसे ही परिवार मेरा है
आपसे ही संसार मेरा
कृपा कीजिए ऐसी दाता
कि हर पल बढ़े आपसे प्यार मेरा।

🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹

जय गुरुजी 🙏🙏
धीरजा

…आपसे प्यार मेरा (07/09/2026)

अपने हुक्म में… (07/08/2026)

जुलाई ८, २०२६

ओम नमः शिवाय
आज का सुविचार 🙏🙏

# ३०६२

                        अपने हुक्म में…

परम पूज्य गुरुजी महाराज,

अपने हुक्म में रखे रहिएगा
हमारे पर्दे ढकते रहिएगा
जैसा आप कराना चाहें हमसे
कृपा कर हमें कहिएगा।

हैं हम नादान इंसान
और आप हैं भगवान
बेशक लगे कभी कि दूरी है
पर रूह तो आपसे ही जुड़ी है।

इस जुड़ाव में है जो खिंचाव
उसे शिथिल कर देते हैं भौतिकवाद के चाव
आप कृपा कर बख्शिये सुमत और श्रद्धा का भाव
आपसे जुड़ कर भर जाये हमारा हर घाव।

ना जाने कितने जन्मों के घायल हैं हम
और इस जन्म में भी विकारों ने घाव दिए हैं जो
वे क्या है कम?
लेकिन कब तक जीते रहेंगे सह कर ये सब गम
और फिर ना जाने कब तोड़ देंगे हम दम…
हम ना जानें कुछ भी
और आप जानते हैं सब
आप ही जानें
कि कौन आपसे जुड़ने योग्य है कब…

हमें तार दीजिये
सुधार दीजिये
जीवन संवार दीजिये हमारा
बेड़ा पार कीजिए हमारा।

आप पर ही उम्मीद टिकी है
आप पर ही विश्वास
पावन कीजिए हमारा हर श्वास
आपसे है अरदास।

🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹

जय गुरुजी 🙏🙏
धीरजा

अपने हुक्म में… (07/08/2026)

गुरुजी का अवतार दिवस है आज (07/07/2026)

जुलाई ७, २०२६

ओम नमः शिवाय
आज का सुविचार 🙏🙏 # ३०६१

            गुरुजी का अवतार दिवस है आज 

गुरुजी का अवतार दिवस है आज
मुबारक हो सारी संगत को
जगत को तारने आए गुरुजी महाराज
निखारने सभी की रूहों की रंगत को।

माता जी और बापू जी को विनम्र नमन
जो बने दिव्य माध्यम
देकर गुरुजी को जनम
संवारा सारी संगत का जीवन।

कोने कोने में संसार के
गूँजता है गुरुजी ना नाम
अनेकों सत्संग होते हैं उनके
उनकी मेहर से होता है कल्याण।

कलयुग और युग परिवर्तन के समय
इतनी आवश्यकता है गुरुजी के आशीर्वाद की
गुरुजी का नाम लेते लेते उज्जवल रहे
अपने भीतर ज्योत उनकी याद की।

इस ज्योत की लौ में रहे बरकरार
गुरुजी का नूर सदा सदा के लिए
उस नूर से हो भक्त के जीवन का अंधेरा दूर
उस नूर से बढ़ता जाये बंदगी का सुरूर।

गुरुजी का शुक्र करने के लिए
कम हैं सभी अल्फ़ाज़
अपनी सारी संगत के दिलों पर
गुरुजी महाराज करते हैं राज
गुरुजी की ही कृपा से
संवरते हैं संगत के काम काज
गुरुजी दीनदयाल हैं
रखते हैं भक्तों की लाज।

हर साल गुरुजी के अवतार दिवस पर
हम दोहरायें अपना वादा
कि गुरुजी के हुक्म का पालन करेंगे
पहले से भी ज़्यादा
उनके हुक्म के पालन में ही
है हमारा कल्याण
हम खुशनसीब हैं कि इंसान के रूप में
धरती पर आए सदाशिव भगवान।

🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹

जय गुरुजी 🙏🙏
धीरजा

गुरुजी का अवतार दिवस है आज (07/07/2026)

आसमान के आँचल में… (07/06/2026)

जुलाई ६, २०२६

ओम नमः शिवाय
आज का सुविचार 🙏🙏

# ३०६०

                आसमान के आँचल में…

आसमान के आँचल में
झूमते हैं चाँद तारे
गुरुजी के दिव्य आँचल में
पल रहे हैं हम सारे
आसमान भी तारे भी
गुरुजी के प्यारे सभी
सूरज की हर किरण
हर तरुवर और उपवन।

हर पक्षी, हर पशु
है गुरुजी का ही शिशु
धरती, अग्नि, और वायु भी
उनसे अर्ज़ी करें अपनी आयु की।

हर नदिया हर सागर
गुरु प्रेम से भरे अपनी गागर
हर कली हर फूल
बनना चाहे उनके चरणों की धूल।

हर जन जो आए गुरुजी की शरण में
उसे गुरुजी से हो जाये प्यार
इतनी अनोखी गरिमा है उनकी महिमा की
कि सभी उन्हें याद करें बार बार।

गुरुजी महाराज की कृपा बिन
अस्तित्व नहीं किसी का किसी भी दिन
गुरुजी हैं सुरक्षा की ढाल
वे करें सभी को निहाल
मर्ज़ी चले उनकी, उसी में है भला सब का
वैसे भी, कौन नकार सकता है वचन रब का।

गुरुजी का वचन सबसे पावन और शक्तिशाली
गुरुजी के हर वचन की गहरायी है निराली
जो वचन मान ले उनका, तर जाये हर वो प्राणी
गुरुजी के वचन पर अमल कर के सुहानी हो आगे की ज़िंदगानी।

🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹

जय गुरुजी 🙏🙏
धीरजा

आसमान के आँचल में… (07/06/2026)